खटीमा में 14वें दीपावली मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा – Republic India News

खटीमा में 14वें दीपावली मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा

ऊधमसिंह नगर, देहरादून और चम्पावत में विकसित होंगे छठ पूजा स्थल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का जोर

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे सामाजिक संगठन सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में छठ पूजा के लिए नए घाटों के निर्माण की महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित विभिन्न क्षेत्रों में 20 नए छठ घाट बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट तथा चम्पावत जनपद के बनबसा में भी छठ पूजा घाट विकसित किए जाएंगे।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से प्रभावित बाबा केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण और उसे भव्य स्वरूप प्रदान करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधाम विकास की तर्ज पर अब मानसखंड के पौराणिक मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण और वहां आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

3 हजार करोड़ की लागत से गंगा और शारदा कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *