पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी: धामी सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां, रोजगार से लेकर स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण तक का पेश किया ब्यौरा – Republic India News

पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी: धामी सरकार ने गिनाईं उपलब्धियां, रोजगार से लेकर स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण तक का पेश किया ब्यौरा

36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, 3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी; निवेश प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतरे

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत सुविधाओं, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की ओर से किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। सरकार ने योजनाओं के निर्माण के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ आमजन तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण सरकार का लक्ष्य है।

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के पहले चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। वहीं, देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत करीब 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं।

किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण

किसान कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

मंडुआ खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण हेतु 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन तथा महक क्रांति योजना के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से नई पहचान दिलाने के प्रयास भी किए गए हैं।

आवास और पलायन रोकथाम पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जल्द ही 50 हजार और आवासों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना के तहत लगभग पौने दो लाख परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडरों की निःशुल्क रिफिलिंग की सुविधा दी जा रही है।

एक लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर

औद्योगिक विकास और निवेश के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड को पहला स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश को टॉप अचीवर्स तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं, निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड पहले स्थान पर रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का हुआ विस्तार

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें से तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके साथ ही प्रदेश में 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांच निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

समान नागरिक संहिता और सख्त कानूनों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया है तथा दंगारोधी कानून लागू किया गया है।

सख्त भू-कानून के तहत प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य से बाहर के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है।

13 हजार एकड़ से अधिक भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। राज्य में उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को आम जनता के करीब लाने का प्रयास किया गया है। आगामी माह में इस अभियान के तहत फिर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम में कई पूर्व मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *