उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर अंतरराष्ट्रीय मंथन, सतत विकास के लिए तैयार हो रही दीर्घकालिक कार्ययोजना – Republic India News

उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर अंतरराष्ट्रीय मंथन, सतत विकास के लिए तैयार हो रही दीर्घकालिक कार्ययोजना

देहरादून। उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, प्रभावी रखरखाव और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला में दूसरे दिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। कार्यशाला में भारत सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना के विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के प्रबंधन से जुड़े वैश्विक अनुभव साझा किए।

कार्यशाला के दूसरे दिन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियोजन, निर्माण, संचालन, रखरखाव और उनके दीर्घकालिक उपयोग को अधिक प्रभावी एवं टिकाऊ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, राज्य सरकार के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए व्यावहारिक एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की।

बैठक में देहरादून के आईएसबीटी हाउसिंग सोसायटी एवं पार्किंग सुविधा, आयुष अस्पताल भवन एवं आवश्यक सेवाएं, शीशमबाड़ा स्थित सीवेज वेस्ट मैनेजमेंट सुविधा, ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेशभर में पार्किंग सुविधाओं, कैंची मल्टीस्टोरी पार्किंग तथा ग्रामीण सड़क अवसंरचना के रखरखाव एवं प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

विशेषज्ञों ने इन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियमित रखरखाव, मूल्यांकन, संचालन की दक्षता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए बेहतर प्रबंधन प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (UNDESA) की ओर से UN-IAM टूलकिट के उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी प्रबंधन और मूल्यांकन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां साझा की गईं।

कार्यशाला में अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव, UNDESA के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना से आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों तथा राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला के माध्यम से उत्तराखंड में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन को आधुनिक, पारदर्शी और टिकाऊ बनाने के साथ ही विभिन्न देशों के सफल अनुभवों को राज्य की विकास योजनाओं में अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *