देहरादून में स्कूली वाहनों पर डीएलएसए का शिकंजा, 107 वाहनों की जांच में 35 के चालान – Republic India News

देहरादून में स्कूली वाहनों पर डीएलएसए का शिकंजा, 107 वाहनों की जांच में 35 के चालान

कई स्कूली वाहनों में मिलीं गंभीर खामियां, कहीं फर्स्ट एड किट गायब तो कहीं इमरजेंसी गेट और जीपीएस सिस्टम खराब

देहरादून। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सप्ताह का विशेष सड़क सुरक्षा निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। 16 से 22 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के पहले ही दिन परिवहन विभाग की टीम ने 107 स्कूली वाहनों की जांच की, जिसमें विभिन्न नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 35 वाहनों के चालान किए गए। निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई।

उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा अध्यक्ष एवं जिला जज हरिश कुमार गोयल के निर्देशों पर शुरू किए गए इस अभियान के प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने परिवहन विभाग की टीम के साथ सर्वे चौक पर स्कूली बसों, वैन और अन्य वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया।

कहीं फर्स्ट एड किट नहीं, कहीं इमरजेंसी गेट खराब

निरीक्षण के दौरान कई स्कूली वाहनों में प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड किट) उपलब्ध नहीं मिली, जबकि कुछ वाहनों में एक्सपायरी दवाइयां पाई गईं। कई वाहनों के आपातकालीन निकास द्वार काम नहीं कर रहे थे। इसके अलावा कुछ वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम भी नहीं लगे मिले। स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने के मामले भी सामने आए।

इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मौके पर ही संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

बिना लाइसेंस और हेलमेट स्कूटी चलाते मिले स्कूली बच्चे

अभियान के दौरान स्कूली बच्चों की ओर से यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए। कई बच्चे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के स्कूटी चलाते मिले। कुछ स्कूटियों पर निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे। अधिकारियों ने ऐसे बच्चों को रोककर यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित सवारी क्षमता और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व के बारे में जागरूक किया।

22 नवंबर तक होगी वाहनों की सघन जांच

डीएलएसए के इस विशेष अभियान के तहत स्कूली बसों, वैन, कैब और यात्री बसों के पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित यात्री क्षमता, इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार किट सहित सभी जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार सुधारात्मक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि : सीमा डुंगराकोटी

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि बच्चों का जीवन और उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा नाबालिग बच्चों द्वारा बिना वैध लाइसेंस और हेलमेट के वाहन चलाना बेहद चिंताजनक है। सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा परिवहन एवं यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करने की अपील की।

निरीक्षण अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत तथा परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

डीएलएसए की इस पहल से उम्मीद है कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और बच्चों की यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *