विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा उत्तराखंड: रेखा आर्या – Republic India News

विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा उत्तराखंड: रेखा आर्या

सोमेश्वर विधानसभा में शक्ति केंद्र सम्मेलनों के जरिए कार्यकर्ताओं से किया संवाद, सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान

सोमेश्वर/अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत सोमेश्वर विधानसभा के स्याहीदेवी मंडल में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए गए। रमड़ा, डांगीखोला, गुरना एवं कयाला में आयोजित इन सम्मेलनों में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या ने प्रतिभाग कर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से संवाद किया।

सम्मेलनों में प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, पूर्वजों के सपनों और प्रदेशवासियों के सामूहिक संकल्प का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास तथा युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकारी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंच रही है और आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता

रेखा आर्या ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक गांव, बूथ और परिवार तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं का समर्पण, जनता के बीच निरंतर संपर्क और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है। इसके लिए अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने की आवश्यकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

सम्मेलनों के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, बूथ स्तर पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, स्याहीदेवी मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, सुंदर राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र नयाल, वीरेंद्र चिलवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हरीश बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, नवीन आर्या, आशु बिष्ट (पहाड़ी आमा), राहुल खोलिया, भूपेंद्र भोज, गोपाल खोलिया, प्रकाश डांगी, अर्जुन बिष्ट, हेम चंद जोशी, ललित तिवारी, नरेंद्र बिष्ट, कमल गिरी, जोगा डांगी, गणेश अधिकारी, रोहित रावत, बहादुर सिंह बिष्ट, प्रकाश जीना सहित पार्टी कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *