शीतकालीन तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, अलाव से लेकर रैन बसेरों तक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश – Republic India News

शीतकालीन तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, अलाव से लेकर रैन बसेरों तक व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश

शीतलहर और बर्फबारी से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश, दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम पहुंचाने के आदेश

देहरादून। आगामी शीतकाल एवं संभावित शीतलहर और बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शीतकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की सुरक्षा, राहत एवं बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धन, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को समय से कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण सुनिश्चित करने को कहा।

दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न पहुंचाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न समय से पहुंचा दिया जाए, ताकि बर्फबारी के कारण मार्ग बंद होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को खाद्यान्न की समस्या न हो। इसके अलावा पेयजल, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने के निर्देश भी दिए।

रैन बसेरों में मिलेंगी सभी मूलभूत सुविधाएं

जिले के सभी रैन बसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रत्येक क्षेत्र में रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए, ताकि ठंड के दौरान जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।

गर्भवती महिलाओं का होगा चिन्हीकरण

बर्फबारी से प्रभावित होने वाले दुर्गम क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिन्हीकरण करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि को ध्यान में रखते हुए नजदीकी चिकित्सालय के आसपास सुरक्षित स्थानों पर समय से पहुंचाने की व्यवस्था की जाए।

इसके साथ ही अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, गर्माहट की व्यवस्था और एंबुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। चिकित्सकों की सूची, मोबाइल नंबर और निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपातकालीन स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।

बर्फबारी में सड़कें खोलने के लिए तैयार रहेंगी मशीनें

शीतकाल एवं बर्फबारी के दौरान प्रभावित होने वाले मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर और स्नो ब्लोअर सहित आवश्यक उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने तथा मार्ग अवरुद्ध होने पर तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी निर्धारित करने को कहा गया। इसके अलावा बिजली और पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं ट्रैकिंग मार्गों पर पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मौसम खराब होने पर संभावित मार्ग अवरोध और जोखिम वाले ट्रैक चिन्हित करने तथा पर्यटकों को समय रहते मौसम एवं मार्ग संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। इसके लिए जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पशुओं के लिए चारा और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था

शीतलहर एवं पाले से पशुओं को बचाने के लिए पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयां और उपचार सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय तथा चारा बैंकों में पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, मानव-पशु संघर्ष की संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतकालीन तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करें, ताकि शीतलहर, बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान जनपदवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएच, पीएमजीएसवाई, आरडब्ल्यूडी, वन, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अन्य उप जिलाधिकारी एवं अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *