महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की मंत्री रेखा आर्य ने की समीक्षा, प्रदेश में जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना – Republic India News

महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की मंत्री रेखा आर्य ने की समीक्षा, प्रदेश में जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना

एकल महिला स्वरोजगार योजना के पात्र लाभार्थियों को दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक मिलेगी पहली किश्त, नंदा गौरा योजना के लिए 30 नवंबर तक आवेदन का मौका

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर प्रदेश में संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ पहुंचाने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लाभार्थियों, उनके स्वरोजगार कार्यों की प्रगति और लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदकों के आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह तक सभी पात्र लाभार्थियों को योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।

नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं को मिलेगा अवसर

मंत्री ने नंदा गौरा योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजना से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश की सभी पात्र बालिकाओं से अपील की कि वे 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र बेटी सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना

बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और वर्तमान में वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को जल्द ही कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस योजना के शुरू होने से प्रदेश के बच्चों के कल्याण और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक नई पहल होगी।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला, बेटी और बच्चे तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित एवं सशक्त बनने के अधिक अवसर मिलें।

बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव, निदेशक बंशीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *