अमित शाह और सीएम धामी ने नरेंद्र सिंह नेगी व हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा – Republic India News

अमित शाह और सीएम धामी ने नरेंद्र सिंह नेगी व हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा

देहरादून। उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और कला जगत में अपने उल्लेखनीय योगदान से प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली दो प्रतिष्ठित हस्तियों को राज्योत्सव समारोह में विशेष सम्मान से नवाजा गया। परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों कलाकारों को उत्तराखण्डी सिनेमा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने में उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप दोनों विभूतियों को दो-दो लाख रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की संस्कृति को दी नई पहचान

वर्ष 2024 के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को प्रदान किया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को आवाज दी है। उनके गीतों ने पहाड़ की संस्कृति, जीवनशैली और सामाजिक परिस्थितियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अभिनय के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान

वर्ष 2025 के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडे को दिया गया। उन्होंने अपने शानदार अभिनय के माध्यम से भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके अभिनय ने उत्तराखण्ड की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

क्षेत्रीय सिनेमा और कलाकारों को प्रोत्साहित कर रही सरकार

राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कारों के माध्यम से उन कलाकारों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने कार्यों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाया है।

नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडे को मिला यह सम्मान उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान और कला जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *