सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश – Republic India News

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री | सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र पर काम कर रही सरकार

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा पहुंचकर लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने विभिन्न समस्याओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। शासन-प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर आमजन को राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना और क्षेत्र के विकास को गति देना सरकार की प्रतिबद्धता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री संतोष गौरव, फरजाना बेगम, नानकमत्ता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, जिला पंचायत सदस्य भास्कर सम्भल, रमेश चंद्र जोशी, रनदीप पोखरिया, अमित पांडे, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, वीसी जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *