नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग से मचा हड़कंप, 6 यात्री सुरक्षित – Republic India News

नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग से मचा हड़कंप, 6 यात्री सुरक्षित

नई टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिला मुख्यालय नई टिहरी में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांस भारत के एक हेलीकॉप्टर को बौराड़ी स्टेडियम में अचानक उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में मुंबई के छह यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पायलट ने एहतियात के तौर पर नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में लैंडिंग कराई। हेलीकॉप्टर को अचानक नीचे उतरते देख स्टेडियम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बच्चों और मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों में मची अफरा-तफरी

घटना के समय बौराड़ी स्टेडियम में कुछ बच्चे खेल रहे थे, जबकि कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को अपने नजदीक उतरता देख लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। कुछ देर के लिए स्टेडियम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शी मोहसिन सिद्दीकी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर अचानक उनके नजदीक आया। उसकी गतिविधि देखकर वहां मौजूद लोग चौंक गए। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर जिस तरह से आया, उससे ऐसा लगा मानो वह गोल चक्कर लगाते हुए नीचे उतर रहा हो। उस समय मैदान में खेल रहे बच्चे भी घबराकर इधर-उधर भागने लगे।

पायलट ने बताया प्रिकॉशनरी लैंडिंग

हेलीकॉप्टर के पायलट ने इसे आपातकालीन स्थिति के बजाय एहतियाती यानी प्रिकॉशनरी लैंडिंग बताया। पायलट के अनुसार, हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी जा रहा था और उसमें छह यात्री सवार थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बौराड़ी स्टेडियम में लैंडिंग कराई गई।

लैंडिंग के बाद पायलट ने हेलीकॉप्टर की जांच की। कुछ देर रुकने के बाद हेलीकॉप्टर दोबारा गुप्तकाशी के लिए रवाना हो गया। फिलहाल, घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हेलीकॉप्टर को एहतियाती लैंडिंग क्यों करनी पड़ी, इसकी तकनीकी वजह की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *