सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश – Republic India News

सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश

अनधिकृत डंपिंग साइटों पर होगी कड़ी कार्रवाई, प्लास्टिक कचरे के तत्काल निस्तारण के आदेश

देहरादून। जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप करने पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसके उत्पादन, भंडारण, आपूर्ति और उपयोग की पूरी श्रृंखला पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मा. उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की बाजार में पहुंच रोकने के लिए उसके सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

औद्योगिक इकाइयों का होगा स्थलीय निरीक्षण

राज्य कर विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने प्लास्टिक सामग्री के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की आपूर्ति, उपलब्ध स्टॉक, उत्पादन क्षमता और वितरण की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

अनधिकृत डंपिंग साइटों पर विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को जिले में बल्क वेस्ट जनरेटर और कूड़े की अनधिकृत डंपिंग साइटों को तत्काल चिन्हित करने के निर्देश दिए। इन स्थानों से प्लास्टिक कचरा उठवाकर उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नगर निगम और सभी नगर निकायों को उपलब्ध मानव संसाधन एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद प्लास्टिक कचरे के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

कॉम्पेक्टर मशीनों की भी होगी समीक्षा

ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गई कॉम्पेक्टर मशीनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी कि जिले में कितनी कॉम्पेक्टर मशीनें संचालित हैं और इनके माध्यम से अब तक कितनी मात्रा में प्लास्टिक कचरे का निस्तारण किया गया है।

कालसी क्षेत्र में कॉम्पेक्टर तक कूड़ा पहुंचाने में आ रही दिक्कत और अधिक लागत की शिकायत पर जिलाधिकारी ने साइट चयन में लापरवाही बरतने वाली टीम के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

100 वार्डों में चलेगा सघन चेकिंग अभियान

नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों के लिए तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के साथ जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

सेक्टर अधिकारी अपने-अपने वार्डों में अनधिकृत डंपिंग साइटों को चिन्हित कर उनकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद नगर निगम के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाकर वहां जमा प्लास्टिक कचरे का निस्तारण कराया जाएगा।

व्यवहार परिवर्तन पर भी जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या का स्थायी समाधान केवल कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए आमजन के व्यवहार में बदलाव जरूरी है। उन्होंने लोगों को प्लास्टिक से पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा प्लास्टिक के विकल्प के रूप में पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—अनधिकृत डंपिंग साइट पर कूड़ा फेंकने और प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति करने वालों पर निगरानी के साथ चालान एवं नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर अजय कुमार सिंह, एमएनएसए डॉ. आनंद, डीपीओ जितेंद्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एसके गिरी, एडीपीआरओ संजय बडोनी, एमएमए जिला पंचायत सतीश त्रिपाठी सहित खंड विकास अधिकारी, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *