देहरादून। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए जा रहे ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए और अपने-अपने जिलों में कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में संचालित करीब 20 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों में से 13 हजार से अधिक केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। कार्यक्रम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
मातृशक्ति, किशोरियों और बच्चों से सीधा संवाद
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृशक्ति, किशोरियों और नन्हे-मुन्ने बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का माध्यम है। इसके जरिए सरकार और लाभार्थियों के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 7 अक्टूबर कार्यक्रम की अंतिम तिथि है। ऐसे में जिन जनपदों में अभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना बाकी है, वहां अभियान को तेजी से पूरा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
गूगल मैपिंग भी शत-प्रतिशत करने के निर्देश
मंत्री ने ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की गूगल मैपिंग शत-प्रतिशत पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कार्यक्रम की प्रगति और आयोजन स्थलों का प्रभावी डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सकेगा तथा अभियान की निगरानी को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
बैठक में अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंसीलाल राणा सहित सभी जनपदों के जिला कार्यक्रम अधिकारी और विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
