आर्मी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला शातिर पुलिस की गिरफ्त में – Republic India News

आर्मी में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला शातिर पुलिस की गिरफ्त में

उत्तराखंड एसटीएफ ने सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से करीब दो करोड़ रुपए की ठगी करने वाले फरार इनामी गैंगस्टर पंकज सामंत को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तराखंड एसटीएफ ने बताया कि पंकज सामंत के खिलाफ पिथौरागढ़ जिले के अलग-अलग थानों में चार और उधमसिंह नगर में दो मुकदमें दर्ज हैं। सभी मुकदमों में पंकज सामंत पर आरोप है कि उसने बेरोजगार युवकों को फौज में भर्ती करवाने के नाम पर करीब दो करोड़ रुपए की ठगी की है। आरोपी ने अपना गैंग बनाकर युवकों को फौज में नौकरी दिलवाने के नाम पर करोड़ो की ठगी का काम किया।

2023 से था फरार शातिर

इनामी गैंगस्टर पंकज सामंत साल 2023 से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के लिए उसपर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी के द्वारा किसी प्रकार का फ़ोन इस्तेमाल न किए जाने पर उसको पकड़ना भी काफी मुश्किल हो रहा था। उत्तराखंड एसटीएफ मैन्युअल सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, जिसमें टीम को कामयाबी मिली।

एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि आरोपी काफी समय से देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में स्थित धोरण खास में रह रहा था। आरोपी ने अपनी पहचान भी बदल ली थी। आरोपी अपने परिवार से किसी भी प्रकार से संपर्क नहीं करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *