डुंगरी तल्ली में 23 प्रभावित परिवारों से की मुलाकात, नुकसान का लिया जायजा
पौड़ी/देहरादून। राठ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। पैठाणी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने चाकीसैंण तहसील के डुंगरी तल्ली गांव पहुंचकर आपदा प्रभावित 23 परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
क्षतिग्रस्त रास्तों के बीच पैदल गांव पहुंचे मंत्री
क्षेत्र में बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। इसके बावजूद डॉ. रावत पैदल ही प्रभावित गांव पहुंचे और मौके पर पहुंचकर नुकसान का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने उन्हें आपदा के कारण उत्पन्न परेशानियों से अवगत कराया। डॉ. रावत ने भरोसा दिलाया कि क्षतिग्रस्त रास्तों और संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘राहत और पुनर्वास में नहीं होगी कमी’
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। राहत, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की बहाली से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, संपर्क मार्ग समेत आवश्यक सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया गया है।
डॉ. रावत ने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने और आपदा के बाद आवश्यक सावधानियां बरतने की भी अपील की।
युवा संवाद में युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
आपदा प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के बाद डॉ. धन सिंह रावत ने पैठाणी में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से समाज में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश नेगी राठी, पैठाणी मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण, वीरेन्द्र रावत, पंकज रावत, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौटियाल, ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
