कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ, स्कूलों से लेकर ग्राम पंचायतों और औद्योगिक इकाइयों तक चलेगा जागरूकता अभियान
देहरादून। जनपद को नशामुक्त बनाने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सोमवार को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ (NMBA) का शुभारंभ किया गया। जिले में यह विशेष शपथ एवं जागरूकता अभियान 14 से 30 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत जिलेभर में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से बड़े पैमाने पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की।
स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में भी दिलाई जाएगी शपथ
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशन में जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
सरकारी कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों को भी जोड़ा
अभियान के तहत सभी शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, निगमों, औद्योगिक इकाइयों और फैक्ट्रियों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
गांवों और शहरी क्षेत्रों में चलेगा जनजागरूकता अभियान
ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी से भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने पर जोर दिया जाएगा।
खेल और पर्यटन क्षेत्र भी अभियान में शामिल
जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज सहित विभिन्न खेल प्रशिक्षण केंद्रों में खिलाड़ियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं पर्यटन विभाग द्वारा हॉस्टलों, होम-स्टे और होटलों में भी अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाणपत्र डाउनलोड करना अनिवार्य
जिला प्रशासन ने अभियान में ऑनलाइन भागीदारी के लिए शपथ लेकर प्रमाणपत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया है। सभी संबंधित विभागों को शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ्स और निर्धारित प्रारूप में सूचना जिला समाज कल्याण अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट एवं फोटोग्राफ्स जिला समाज कल्याण अधिकारी के ई-मेल अथवा व्हाट्सएप नंबर 8126692409 पर भेजे जाने हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संगठनों से अपील की है कि वे नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
