9939.40 लाख रुपये की जिला योजना में अब तक 29 प्रतिशत प्रगति, टेंडर व अन्य प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला योजना वर्ष 2026-27 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना के तहत स्वीकृत एवं संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। डीएम ने कम प्रगति वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिला योजना वर्ष 2026-27 के लिए कुल 9939.40 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। इसके सापेक्ष अब तक 29 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
टेंडर प्रक्रिया में देरी पर डीएम ने जताई नाराजगी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्देश दिए कि जिन विकास कार्यों में टेंडर, निविदा अथवा अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय के भीतर पूरी कर कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित विभागों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि निर्माण एवं विकास कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी कर कार्यों को गति प्रदान करें।
आमजन को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
डीएम ने कहा कि जिला योजना का उद्देश्य जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना और आमजन को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तेजी लाई जाए तथा विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की समीक्षा करें। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, स्वीकृत धनराशि, व्यय तथा कार्यों की वर्तमान स्थिति पर विभागवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पीएस भण्डारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
