15 अगस्त को सुबह 10 बजे होगा राज्य स्तरीय समारोह, स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का होगा सम्मान
देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर समारोह स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, परेड, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था समेत विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस बैंड की धुन पर होगा तिरंगे को सलाम
मुख्य समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। इसके साथ ही समारोह में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी हों और आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था न हो। परेड ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस और संबंधित विभागों ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए समारोह को भव्य, अनुशासित और यादगार बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। देशभक्ति के रंग में रंगे परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को आयोजित होने वाला यह समारोह स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देगा।
