देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक ने राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के उद्देश्य से सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में एनसीसी के विस्तार और आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास से जुड़ी सभी परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उत्तराखंड के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा
