अल्मोड़ा। नगर के व्यस्त चौघानपाटा बाजार स्थित पार्क व्यू रेस्टोरेंट में शुक्रवार दोपहर एलपीजी गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी ग्राहक, कर्मचारी और रेस्टोरेंट संचालक सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी की बाल्टियों और फायर एक्सटिंग्विशरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम लगभग आधे घंटे के भीतर आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से रेस्टोरेंट का फर्नीचर, रसोई का सामान, विद्युत उपकरण और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
दमकल कर्मियों ने मिनी फायर इंजन और होज पाइप की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य रेस्टोरेंट के भीतर मौजूद जलते हुए एलपीजी सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालना था, जिसे टीम ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया। साथ ही लकड़ी की छत तक पहुंच चुकी आग को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते आग आसपास की दुकानों और भवनों तक नहीं फैल सकी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो चौघानपाटा बाजार में बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
