एसडीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई, पिछले सप्ताह 8 अवैध निर्माण भी किए जा चुके हैं सील
मसूरी। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। इसी क्रम में पिक्चर पैलेस से किंक्रेग जाने वाली आरके वर्मा रोड स्थित जायसवाल स्टेट में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम मसूरी के आदेश पर एमडीडीए की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में की। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर संजय, उदय नेगी, इंद्रदेव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एमडीडीए के सहायक अभियंता अजय मलिक ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, एसडीएम मसूरी ने कहा कि प्रशासन अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह भी आठ अवैध निर्माणों को सील किया गया था और भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
सेवा भारत टाइम्स की अपील है कि भवन निर्माण से पहले संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
