देहरादून। राजधानी देहरादून के आईएसबीटी क्षेत्र स्थित चंद्रबनी चौक के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या HR 73A 5891 ने स्कूटी सवार कर्मा पुत्र सोनम (45 वर्ष), निवासी तिब्बती कॉलोनी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने चंद्रबनी चौक क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को और सख्त बनाने की मांग की है।
हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों के बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया है।
