देहरादून। मिस टीन उत्तराखंड 2026 प्रतियोगिता के तहत आयोजित मिस टैलेंटेड राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जीएमएस रोड स्थित होटल सैफरन लीफ में आयोजित इस विशेष राउंड में 20 प्रतिभागियों ने डांस, सिंगिंग, एक्टिंग और अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने हुनर का परिचय दिया। प्रतियोगिता में मृणाल राणा और अनमोल कौर को संयुक्त रूप से मिस टैलेंटेड 2026 का खिताब प्रदान किया गया।
एम्बेलिश टैलेंट मैनेजमेंट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने मंच पर ऊर्जा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन प्रस्तुति शैली, मंच संचालन क्षमता, आत्मविश्वास और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर किया।
संस्था की डायरेक्टर ख्याति शर्मा ने बताया कि मिस टीन उत्तराखंड केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवतियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को सशक्त बनाने का मंच है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्तराखंड की संस्कृति, विरासत, पर्यटन और सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रतिभागियों को टिहरी बांध का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया, जहां उन्हें जल प्रबंधन, बांध निर्माण और परियोजना की कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। ऐसे जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।
ख्याति शर्मा के अनुसार प्रतियोगिता के विभिन्न सब-टाइटल राउंड्स और विशेष गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और ज्ञान का आकलन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले 14 जून को होटल गेटवे, देहरादून में आयोजित होगा, जहां अंतिम विजेताओं का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में मिस टीन उत्तराखंड 2025 अवंतिका रावत, मिस टीन उत्तराखंड 2024 सौम्या शर्मा, कथक गुरु आशिमा, मिस टैलेंटेड 2025 ताश्वी, गायक रॉकी रॉकस्टार, मिस टैलेंटेड 2023 मेहक अग्रवाल, शिवानी शर्मा, आरती चौहान और मंजू बिष्ट शामिल रहे।
