देहरादून। मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने जनपद देहरादून में गति पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक संचालित इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
जनपद के सभी 1882 मतदेय स्थलों पर अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ सक्रिय रूप से मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। इनमें चकराता में 237, विकासनगर में 142, सहसपुर में 212, धर्मपुर में 236, रायपुर में 214, राजपुर रोड में 141, देहरादून कैंट में 152, मसूरी में 179, डोईवाला में 191 तथा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार अभियान के दूसरे दिन अपराह्न तक जनपद की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,33,113 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के प्रति मतदाताओं का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेजों एवं जानकारी को अद्यतन कराने के लिए आगे आ रहे हैं।
अभियान के तहत स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ऋषिकेश में तहसीलदार ने नगर निगम महापौर को गणना प्रपत्र सौंपकर अभियान में सहभागिता का संदेश दिया, जबकि विकासनगर क्षेत्र में तहसीलदार ने कारबारी ग्रांट में घर-घर जाकर प्रपत्र वितरण की निगरानी की। दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी बीएलओ लगातार पहुंच रहे हैं। बिजून जैसे सुदूर गांवों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
जिन घरों में मतदाता उपस्थित नहीं मिले, वहां बीएलओ द्वारा सूचना संबंधी स्टीकर चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि संबंधित नागरिक बाद में निर्धारित समय के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा कर सकें।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से बीएलओ को आवश्यक सहयोग देने तथा समयबद्ध रूप से गणना प्रपत्र जमा करने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
जो नागरिक दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे ईसीआईनेट ऐप अथवा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बीएलओ से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। गणना प्रपत्र भरने और जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपनी नवीन रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो तैयार रखने और गणना प्रपत्र में अद्यतन मोबाइल नंबर अवश्य दर्ज करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
“कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं” के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग का यह विशेष अभियान जनपद के प्रत्येक घर तक पहुंच रहा है।
