देहरादून। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन (NMOPS) के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद देहरादून की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को तेज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से संतोष गड़ोही (प्रारंभिक शिक्षा) को जनपद देहरादून अध्यक्ष, विनोद मल्ल (माध्यमिक शिक्षा) को सचिव तथा अरविन्द थपलियाल (प्रारम्भिक शिक्षा) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं दीपेंद्र रावत (आईटीआई) को जनपद देहरादून का प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अलावा सुनील गुसाईं को प्रदेश संगठन मंत्री तथा पुष्कर राज बहुगुणा को पुनः गढ़वाल मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ विकासनगर की अध्यक्ष मधु पटवाल ने पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को और अधिक तीव्र करने की आवश्यकता पर बल दिया। कालसी ब्लॉक अध्यक्ष पीताम्बर तोमर ने दूरस्थ क्षेत्र चकराता में जल्द NMOPS की कार्यकारिणी गठित करने का सुझाव रखा।
उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ रायपुर के अध्यक्ष अरविन्द सिंह सोलंकी ने कहा कि आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों का पुनर्गठन आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी और शिक्षक आंदोलन से जुड़ सकें। प्रदेश सचिव मुकेश रतूड़ी ने विभिन्न संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर आंदोलन को व्यापक बनाने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली ने कहा कि इस वर्ष NMOPS द्वारा मशाल जुलूस, गेट मीटिंग और विभिन्न जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी जनपद एवं विकासखंड इकाइयों से अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया। महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष उर्मिला द्विवेदी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए इस वर्ष निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी और इसमें मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही ने कहा कि वह जल्द ही जिला देहरादून की पूरी कार्यकारिणी का गठन करेंगे तथा प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कोषाध्यक्ष शांतनु शर्मा ने किया। बैठक में प्रदेश मंत्री मुकेश रतूड़ी, लेखराज तोमर, मधु पटवाल, कमल सुयाल, रणवीर सिंह राय, अरविन्द सिंह सोलंकी, पीताम्बर तोमर, बलबीर सिंह, नारायण दत्त जोशी, भूपेंद्र शेखर, सत्यजीत चौहान, बीरेंद्र सिंह, दिनेश आचार्य, शिखा राठौर, उर्मिला डिमरी, पूनम विश्नोई, दिनेश राठौर, संजय डोभाल, अरुण सेमवाल, राजवीर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
