देहरादून। द आर्यन स्कूल में आयोजित भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी में नव निर्वाचित छात्र परिषद के सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर विद्यालय में नेतृत्व की नई जिम्मेदारियां संभालीं। समारोह में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल बीरेंद्र सिंह गहलावत एवं रितु गहलावत रहे। उन्होंने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी के साथ दूसरों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को रोल मॉडल बनकर विद्यालय और समाज के हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में माही भाटिया को हेड गर्ल तथा यश पाठक को स्कूल कैप्टन नियुक्त किया गया। वहीं कृति वशिष्ठा और पृथ्वी राठी को स्कूल वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। छात्र परिषद के अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ लेकर विद्यालय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हाउस स्तर पर भी विभिन्न पदों पर छात्र-छात्राओं की नियुक्ति की गई। अथर्वा, रिग, सामा और यजुर हाउस के कैप्टन, वाइस कैप्टन और गेम्स कैप्टन ने विद्यालय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
विद्यालय की चेयरपर्सन सिमी गुप्ता ने सभी नव नियुक्त परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाना चाहिए। वहीं प्रिंसिपल बी. दासगुप्ता ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ सेवा, आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ दूसरों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे समारोह में विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक रहा।
