किसानों ने अगले दो दिन के लिए दिल्ली कूच रोका, शुक्रवार को आगे की रणनीति का ऐलान – Republic India News

किसानों ने अगले दो दिन के लिए दिल्ली कूच रोका, शुक्रवार को आगे की रणनीति का ऐलान

अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों ने सरकार को बड़ी राहत दी है। उन्होंने फिलहाल दो दिन के लिए दिल्ली कूच न करने का ऐलान किया है। किसान शुक्रवार 23 फरवरी को रणनीति तय करेंगे। हालांकि दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक की है। तमाम सुरक्षा तैयारियों के बीच हरियाणा-पंजाब को जोड़ने वाले शंभू बॉर्डर के सुरक्षा इंतजाम का भी दिल्ली पुलिस ने जायजा लिया है।

इसका मकसद हरियाणा पुलिस की रणनीति को समझना था, ताकि दिल्ली पुलिस की ओर से सीमावर्ती इलाकों में की गई तैयारियों के बीच अगर कुछ प्वाइंट पर या फिर सुरक्षा लेयर बढ़ाने की गुंजाइश है तो उस पर काम किया जा सके। किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए पूरी तरह तैयार दिल्ली पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में मल्टी लेयर की सिक्योरिटी का इंतजाम किया। रास्ते में बैरिकेड लगाकर कंटेनर खड़े कर दिए गए हैं। साथ ही सुरक्षा घेरे को मजबूत करने के लिए बैरिकेडिंग पर लोहे की तार लगाई गई है। भारी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।

किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि सब इंस्पेक्टर विजय कुमार का निधन हो गया। वो किसान आंदोलन के दौरान टोहाना बॉर्डर पर तैनात थे। राज्य पुलिस ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक से तबीयत बिगड़ी थी। किसान आंदोलन में अभी तक तीन पुलिस अफसरों का निधन हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *