मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी – Republic India News

मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही सरकार: मुख्यमंत्री धामी

बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल, दिसंबर में जारी होगी पहली किस्त

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य की महिलाएं परिवार, समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को चमोली जनपद के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पहाड़ी नमक सिलबट्टे पर पीसा, जांदरा (हाथ की चक्की) से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव भी प्रदर्शित किया।

पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा बैणी-भुली योजना का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की बैणी-भुली योजना के माध्यम से पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

नंदा गौरा योजना से बेटियों को मिल रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने तक हर स्तर पर सहयोग मिले। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जनपद के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, स्वरोजगार, खेल और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्षा उषा देवी एवं महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्षा मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी तथा प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया।

लाभार्थियों को बांटे सहायता राशि के चेक

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास तथा अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देते हुए कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास तथा 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं के अंतर्गत सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष पीपलकोटी आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती एवं रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *