खटीमा में जाम से मिलेगी राहत! 14.97 करोड़ की लागत से चौड़ी होगी सड़क, मुख्यमंत्री धामी ने किया भूमि पूजन – Republic India News

खटीमा में जाम से मिलेगी राहत! 14.97 करोड़ की लागत से चौड़ी होगी सड़क, मुख्यमंत्री धामी ने किया भूमि पूजन

खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक होगा सड़क चौड़ीकरण, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को मिलेगी आवागमन में सुविधा

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट, सितारगंज रोड पर आयोजित कार्यक्रम में खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 14.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही आए दिन लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क व्यवस्था से यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

खटीमा से मेरा रिश्ता मां-बेटे जैसा : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा की जनता के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां की जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा प्रदान करता है।

सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय जनता को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल का संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

ऑक्सीजन पार्क और क्रोकोडाइल पार्क से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखा जाएगा।

पैदल कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री, लोगों ने किया स्वागत

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *