नगला तराई की रामलीला में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाएं – Republic India News

नगला तराई की रामलीला में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले- भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाएं

मुख्यमंत्री ने दिया धर्म, नैतिकता और सामाजिक एकता का संदेश, देवभूमि की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को बताया सरकार की प्राथमिकता

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का स्मरण करते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिकता की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकता, सद्भाव और धर्म के मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के अंतर्गत मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्रता, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में अवैध अतिक्रमण और छद्म पहचान के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

केंद्र सरकार की योजनाओं से आमजन को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में अनेक महत्वपूर्ण विकास एवं जनकल्याणकारी कार्य किए गए हैं। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने जैसे कार्यों से आमजन के जीवन में बदलाव आया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं किसानों को किसान सम्मान निधि के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की रक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाया गया है। पूर्व सैनिकों के हित में वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही हैं।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *