सरदार पटेल की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक रहेंगे लौह पुरुष – Republic India News

सरदार पटेल की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक रहेंगे लौह पुरुष

घंटाघर स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, देश के एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को किया याद

 

देहरादून। राष्ट्रीय एकता के प्रतीक एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के घंटाघर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पित रहा। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने स्वतंत्रता के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाकर अखंड और सशक्त भारत की नींव रखी। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में उनके ऐतिहासिक योगदान को प्रत्येक भारतवासी सदैव स्मरण करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देशभक्ति, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *